जैसलमेर (महेन्द्र सिंह,) जैसलमेर जिले के ग्राम बासनपीर जूनी में ऐतिहासिक छतरियों के पुनः निर्माण एवं मरम्मत कार्य के दौरान भारी विवाद उत्पन्न हो गया। यह कार्य जैसे ही शुरू हुआ, समुदाय विशेष के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं और बच्चे विरोध जताने के लिए छतरियों की ओर उमड़ पड़े। विरोध धीरे-धीरे उग्र रूप ले गया और भीड़ ने प्रशासन एवं पुलिस पर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों ने पहले चेतावनी दी, फिर देखते ही देखते जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अमले को घेर कर लाठियों व पत्थरों से निशाना बनाया गया। इस हमले में झुंझार बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य गणपत सिंह, एक पुलिस कांस्टेबल तथा एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान जुगतावत के निर्देशन एवं वृताधिकारी रूपसिंह ईन्दा की देखरेख में शहर थानाधिकारी प्रेमदान निपु व सदर थानाधिकारी बगडूराम ने सघन छानबीन शुरू की। वीडियो फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की गई।