मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल|मेड़ता रोड कस्बे में इन दिनों चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हैरानी की बात यह है कि इन वारदातों को अंजाम देने वाला एक नाबालिग लड़का बताया जा रहा है, जो दिनदहाड़े दुकानों को निशाना बना रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह नाबालिग चोर दुकानदारों के थोड़ी देर के लिए इधर-उधर होते ही मौका देखकर दुकानों में घुस जाता है। जैसे ही उसे अवसर मिलता है, वह नकदी और मोबाइल जैसे कीमती सामान उठाकर फरार हो जाता है। कई दुकानों में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
इन चोरी की घटनाओं के CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जो अब पूरे कस्बे में तेजी से वायरल हो रहे हैं। फुटेज में स्पष्ट रूप से एक किशोर उम्र का लड़का चोरी करते हुए नजर आ रहा है। इसके बावजूद अब तक पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ वारदातें पुलिस थाने से महज कुछ कदमों की दूरी पर ही हुई हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जब थाने के पास ही चोरी हो रही है और चोर पकड़ में नहीं आ रहा, तो आम इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटनाओं से नाराज व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही चोर को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, कस्बे में इस नाबालिग चोर की दहशत बनी हुई है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
