(बजरंग आचार्य)
सादुलपुर/स्मार्ट हलचल|राजगढ़ के सांखू रोड रेलवे फाटक पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य बुधवार को बिना किसी औपचारिकता के विधिवत आरंभ हो गया है। इस पुल के निर्माण पर पौने सैंतीस करोड रुपए व्यय होंगे।
चूरू लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल कस्वां ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सेतु बंधन योजना के अंतर्गत सीआरआईएफ फंड से यह ओवर ब्रिज बनेगा। सांसद ने बताया कि फरवरी 2023 में उन्होंने तीन रेलवे ओवरब्रिज स्वीकृत करवाए थे, जो एक विशिष्ट उपलब्धि रही है। राजस्थान में स्वीकृत कुल 14 ओवरब्रिज में से अकेले चूरू जिले में तीन ओवरब्रिज मेंरे भिजवाए प्रस्ताव के अनुसार स्वीकृत हुए। उन्होंने यह भी बताया कि 133 करोड़ रू. के सीआरआइएफ फंड से चूरू जिले में जो आरओबी बनने जा रहे हैं, उनमें 36.57 करोड़ रू. की लागत से सादुलपुर-सांखू मार्ग के अलावा 55.43 करोड़ रुपए की लागत से जिला मुख्यालय चूरू में पूनियां कॉलोनी फाटक पर तथा 41.17 करोड़ रुपए की लागत वाला पड़िहारा-छापर मार्ग आरओबी शामिल हैं। सादुलपुर में ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बुधवार को शुरू हो गया है, जबकि पूनियां कॉलोनी चूरू और पड़िहारा में ओवरब्रिज का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
सांसद कस्वां ने यह भी बताया कि इनके अलावा क्षेत्र में रेलवे और राज्य सरकार के संयुक्त प्रौजेक्ट के रूप में दो ओवरब्रिज ऒर भी बनेंगे। उनमें चूरू के अग्रसेन नगर में निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि दूसरे ओवरब्रिज का सुजानगढ़ में आगामी कुछ दिन में कार्य शुरू हो जायेगा।