मौसम का बदला मिजाज, ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को भारी नुकसान

मांडल । सुरेश चन्द्र मेघवंशी

मांडल क्षेत्र में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदल ली। तेज मेघगर्जना, आंधी और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। दोपहर से शुरू हुआ तेज हवा का दौर शाम तक जारी रहा, जिससे खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं।

ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर ओले गिरने से गेहूं, चना और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण कई खेतों में फसलें जमीन पर बिछ गईं, जिससे उत्पादन घटने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि महंगाई और बढ़ती लागत से पहले ही उनकी कमर टूटी हुई है, ऐसे में ओलावृष्टि ने हालात और भी खराब कर दिए हैं।
किसानों ने प्रशासन से फसलों की गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सर्वे कर राहत नहीं दी गई तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।

मौसम के बदले इस मिजाज से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है और किसान अपनी फसलों के नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।