लाडपुरा में सनसनी: लापता युवक का सुनसान जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

स्मार्ट हलचल: क्राइम अलर्ट / अपडेट

लापता युवक का जंगल में फंदे से लटका मिला शव, पटवारी के सीमा ज्ञान के बाद बेगूं पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया

मांडलगढ़ (लाडपुरा) | स्मार्ट हलचल संवाददाता

मांडलगढ़ क्षेत्र के लाडपुरा कस्बे में जलेश्वर पेट्रोल पंप के पीछे स्थित सुनसान जंगल में गुरुवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मढ़ा की झोपड़ियां निवासी भेरू गुर्जर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।

कोटड़ी थाने में दर्ज थी गुमशुदगी, लाडपुरा पुलिस पहुंची मौके पर

जानकारी के अनुसार, मृतक भेरू गुर्जर घर से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोटड़ी थाने में पहले से दर्ज थी। पुलिस और परिजन उसकी सरगर्मी से तलाश कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार को जंगल में शव लटके होने की सूचना मिली। सूचना पर सबसे पहले लाडपुरा पुलिस चौकी से कांस्टेबल हाकिम सिंह और भवर जाट तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर मृतक के परिजनों को सूचना दी। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सीमा विवाद: पटवारी ने स्पष्ट किया बेगूं थाने का क्षेत्र

चूंकि घटनास्थल दो थाना क्षेत्रों की सीमाओं के नजदीक था, इसलिए क्षेत्राधिकार को लेकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए पटवारी को मौके पर बुलाया गया। पटवारी ने मौका स्थिति देखकर स्पष्ट किया कि जहां शव मिला है, वह जगह बेगूं थाने (Begun Police Station) के अंतर्गत आती है।

सीमा स्पष्ट होने के बाद तुरंत बेगूं थाने को सूचना दी गई। इसके पश्चात बेगूं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों के चलते उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।