खबर का असर: 5 दिन की प्यास बुझी, कई गांवों में सुचारु हुआ चम्बल का पानी; ग्रामीणों ने जताया आभार
विशेष संवाददाता | स्मार्ट हलचल
भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। ‘स्मार्ट हलचल’ द्वारा ग्रामीणों की पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आया। इसका परिणाम यह हुआ कि पिछले 5 दिनों से ठप पड़ी चम्बल पेयजल परियोजना की सप्लाई आखिरकार सुचारु हो गई है।
अधिकारियों ने लिया संज्ञान, युद्धस्तर पर हुआ मरम्मत कार्य
ज्ञात हो कि पिछले पांच दिनों से तकनीकी खराबी और पाइपलाइन में लीकेज के कारण कई गांवों में चम्बल के पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद थी। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी और पानी की किल्लत से त्रस्त ग्रामीणों को मीलों दूर से पानी लाना पड़ रहा था।
इस गंभीर जनसमस्या को ‘स्मार्ट हलचल’ ने जिम्मेदारों तक पहुंचाया और खबर को प्राथमिकता के साथ प्रकाशित किया। खबर छपने के बाद चम्बल प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने तुरंत मामले पर संज्ञान लिया। तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर लाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया, जिसके बाद जलापूर्ति बहाल हो सकी।
लंबे इंतजार के बाद जैसे ही गांवों के नलों में चम्बल का मीठा पानी पहुंचा, ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। महिलाओं और बुजुर्गों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी इस गंभीर समस्या को आवाज देने के लिए ‘स्मार्ट हलचल’ समाचार पत्र और त्वरित कार्रवाई करने के लिए जलदाय विभाग एवं प्रशासन का तहे दिल से आभार व्यक्त किया है।
