अखिल राजस्थान लेबोरेटरी टेक्नीशियन कर्मचारी संघ के संदीप शर्मा बने नए जिलाध्यक्ष

संगठन की एकता और लैब टेक्नीशियन संवर्ग की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे: जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा

 (पंकज पोरवाल)

स्मार्ट हलचल|अखिल राजस्थान लेबोरेटरी टेक्नीशियन कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी के चुनाव आईएमए हॉल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ संपन्न हुए। इस चुनावी घमासान में संदीप शर्मा ने भारी मतों से विजय प्राप्त कर जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली है। संघ के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह तंवर ने बताया कि 3 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर निर्वाचन प्रक्रिया अपनाई गई। कुल 136 मतदाताओं में से 95 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र शर्मा के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कास्या (ब्लॉक बिजोलिया) के लैब टेक्नीशियन संदीप शर्मा को 75 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी महात्मा गांधी अस्पताल के वरिष्ठ तकनीकी सहायक चंद्रकुमार शर्मा को 20 मत मिले। संदीप शर्मा को 55 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया। शर्मा के निर्वाचन की घोषणा होते ही जिले भर के लैब टेक्नीशियनों और प्रयोगशाला सहायकों में हर्ष की लहर दौड़ गई। वर्तमान जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह तंवर ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान भागचंद सोनी, दिनेश चंद्र शर्मा, गोवर्धन सिंह शेखावत, आत्माराम धाकड़, उदयवीर सिंह कानावत, अशोक सोनी, नवीन मीणा, कमलेश मीणा, राहुल खटीक, अर्जुन सिंह तोमर और भैरूलाल साहू ने शर्मा को साफा बंधवाया। संगठन की महिला प्रकोष्ठ की ओर से अंजू सोमानी, हिना धवल, वर्षा सांखला, शिवानी जीनघर और भाग्यश्री ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। विजय के पश्चात नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा ने सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की एकता और लैब टेक्नीशियन संवर्ग की समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।