राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस:थांवला के कांस्टेबल श्यामलाल ‘उत्तम सेवा चिन्ह’ से सम्मानित, एसपी रोशन मीणा ने प्रदान किया पदक

थांवला।लुकमान शाह

थांवला/नागौर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में आयोजित भव्य समारोह के दौरान थांवला थाने में कार्यरत कांस्टेबल श्यामलाल को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) रोशन मीणा ने श्यामलाल को ‘उत्तम सेवा चिन्ह’ प्रदान कर उनके कर्तव्य परायणता की सराहना की।
समारोह के दौरान एसपी मीणा ने बताया कि पुलिस विभाग में अनुशासन, ईमानदारी और जनता के प्रति सेवा भाव रखने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाना आवश्यक है। कांस्टेबल श्यामलाल ने थांवला थाने में तैनाती के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों को सुलझाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई है, जिसके फलस्वरूप राज्य सरकार और पुलिस महानिदेशालय के निर्देशानुसार उन्हें इस पदक से नवाजा गया है।
कांस्टेबल श्यामलाल को सम्मानित किए जाने की खबर मिलते ही थांवला थाना परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। थानाधिकारी व अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे थाने के लिए गर्व की बात है। पदक प्राप्त करने के बाद श्यामलाल ने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान पुलिस दिवस पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी पुरस्कृत किया गया।