जरूरतमंद बेटियों के लिए बड़ा संबल, 30 अप्रैल से दो दिवसीय विवाह महोत्सव
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का होगा निःशुल्क विवाह, घर जैसा मिलेगा अनुभव—लोकेश शर्मा
कोटा। सामाजिक सरोकारों की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए आध्या सेवार्थ फाउण्डेशन के तत्वावधान में प्रथम सनाढ्य आदिगौड़ सामूहिक निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन 30 अप्रैल एवं 1 मई को किया जाएगा। विशेष बात यह है कि यह आयोजन पहली बार दो दिवसीय स्वरूप में आयोजित होगा, जिसमें विवाह की सभी रस्में पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न की जाएंगी।
मुख्य संयोजक लोकेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का विवाह पूर्णतः निःशुल्क कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह से जहां अनावश्यक खर्चों में कमी आती है, वहीं सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलती है। इस आयोजन की खासियत यह रहेगी कि दो दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में गणेश पूजन से लेकर विदाई तक सभी मांगलिक कार्य घर के विवाह जैसे वातावरण में आयोजित होंगे, जिससे प्रत्येक जोड़े को अपने घर जैसा अनुभव प्राप्त होगा। उन्होने बताया कि विवाह सम्मेलन में 11 जोडो का विवाह सम्पन्न होगा जिसमें से 9 जोडो का रजिस्ट्रेशन सम्पन्न किया जा चुका है।
सोसायटी की अध्यक्ष शालू शर्मा ने बताया कि आयोजन में सभी वैवाहिक कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न होंगे। फाउंडेशन की ओर से वधू को सोने की लोंग, चांदी की पाजेब व बिछिया, चांदी की अंगूठी, टोप्स सहित आभूषण प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त नवदंपतियों को अलमारी, पंखा, टीवी, ड्रेसिंग टेबल, गद्दा, तकिया, बेडशीट, सूटकेस, दीवार घड़ी, सेंटर टेबल, कुर्सी, डिनर सेट, गैस चूल्हा एवं संपूर्ण किचन सामग्री सहित गृहस्थी का पूरा सामान दिया जाएगा। दूल्हे का कोट-पैंट तथा दुल्हन का बेस व चूड़ा भी समिति द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
कोषाध्यक्ष प्रियांशु शर्मा के अनुसार, 30 अप्रैल को प्रातः 8 बजे गणेश पूजन, 11 बजे हल्दी-मेहंदी एवं सायं 5 बजे संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 1 मई को प्रातः 8 बजे निकासी, 10 बजे तोरण, 11 बजे आशीर्वाद समारोह, दोपहर 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार तथा 3 बजे विदाई समारोह संपन्न होगा।
मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा ‘कमल’ ने बताया कि आयोजन को लेकर कार्ड विमोचन किया जा चुका है। इस अवसर पर ओमप्रकाश टंकारिया,रामस्वरूप शर्मा, प्रेम शास्त्री,मनीष तिवारी, भीष्म कुमार शर्मा, गजेन्द्र जोशी, प्रमोद शर्मा, महावीर पंचोली विजय, भारद्वाज रघुवर दयाल शर्मा जितेंद्र शर्मा ,सतीश शर्मा, गजेंद्र जोशी,प्रियांशु शर्मा, महावीर पंचोली सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
