मांडलगढ़: जाट समाज का ऐतिहासिक फैसला, शादियों में 5 लाख तक के जेवर का संकल्प

मांडलगढ़। राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वाधान में आगामी 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित चतुर्थ जाट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सिंगोली में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिंगोली जाट धर्मशाला निर्माण कमेटी के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अध्यापक प्रभु लाल गुलरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेशाध्यक्ष शंकर लाल कुड़ी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष देवबक्ष ढाबरढीमा, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष रतनलाल डूँडा, संरक्षक नारू लाल सेपट एवं उपाध्यक्ष लक्ष्मण लाल गोटिया ने शिरकत की।

बैठक के प्रमुख निर्णय और मुख्य बिंदु:

  • सर्वाधिक पंजीयन वाले क्षेत्र में होगा आयोजन: बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन उसी क्षेत्र में किया जाएगा, जहाँ से सर्वाधिक जोड़ों का पंजीयन होगा।
  • 5 लाख तक के जेवर का ऐतिहासिक संकल्प: समाज में बढ़ती दिखावटी शादियों और फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने की अपील की गई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि शादी में अधिकतम 5 लाख रुपये तक के जेवरात ही पहनाए जाएंगे।
  • नवीन नियुक्ति: देवीलाल गुलरिया को सर्वसम्मति से मांडलगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
  • सादगी अपनाने पर जोर: महासभा के महामंत्री शोभाराम तोगडा ने कहा कि ‘दिखावे की होड़ में हम बहुत बड़े बन चुके हैं, वास्तव में समाज का भला करना है तो सादगी अपनाकर छोटा बनने का प्रयास करें।’

दो जोड़ों का हुआ ऑन-द-स्पॉट पंजीयन

धर्मशाला सचिव बद्री लाल भादू ने पूर्व का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। मौके पर ही दो जोड़ों- चंचल (पुत्री संपत रुवाला) और विष्णु (पुत्र श्यामलाल डेला) दोनों निवासी रूपालिया, हमीरगढ़ का सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन भी किया गया।

बैठक में भवानीराम नागा, सांवरलाल गोदारा, सुरेश मांड्या, मोहनलाल नागा, शंकर जाजूदा, मांगीलाल गोटिया और लहरु लाल सहित कई गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे। महासभा ने घोषणा की है कि आगामी बैठक कोटड़ी स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित की जाएगी।