पुष्प वर्षा से जगह-जगह तिरंगा रैली का हुआ स्वागत अभिनंदन
किशन खटीक/
रायपुर 13 अगस्त। ग्राम पंचायत गलवा के राजस्व ग्राम सिंहपुरा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, के समस्त शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तीसरे चरण में रैली निकाली। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि सुरेश चन्द्र सालवी, संस्था प्रधान डॉ. प्रहलाद सिंह दायमा व ग्रामवासी मौजूद थे। रैली में वीर शहीदों की शहादत व भारत माता के जयकारे लगाये। तिरंगा रैली गांव के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई पुनः विद्यालय पहुंची। सभी बच्चों ने अपने हाथों में तिरंगा झण्डा लहराते हुए बड़े उत्साह व जोश के साथ ओजस्वी नारे लगाते हुए आगे बढ़ते गये। जगह-जगह गांव में महिला पुरुष और बड़े बुजुर्गो और युवाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर तिरंगा रैली का स्वागत अभिनंदन किया गया। तिरंगा अभियान के माध्यम से बच्चों में राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव जाग्रत हुआ ।