बानसूर। स्मार्ट हलचल| कस्बें के निकटवर्ती नारायणपुर कस्बे में रविवार को श्री रामनाथ अलग सेवा समिति के तत्वावधान में सर्व समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन श्रद्धा और धूमधाम के साथ आयोजित हुआ। सम्मेलन में विभिन्न समाजों के कुल 11 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। शाही बारात सियाराम दास मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार से होती हुई विवाह स्थल तक पहुंची, जहां ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक देवी सिंह शेखावत ने शिरकत कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विधायक शेखावत ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समरसता, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित होते हैं और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में भी सहायक हैं।
समिति के प्रदेशाध्यक्ष रामवतार शर्मा एवं कोटपूतली-बहरोड़ जिला अध्यक्ष सुनील रागेरा ने बताया कि यह समिति का 12वां सामूहिक विवाह सम्मेलन है। सम्मेलन में सभी 11 नवविवाहित जोड़ों को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी, अलमारी, संदूक, सिलाई मशीन, फ्रिज, बैग सहित घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान भेंट किया गया। विवाह की सभी रस्में पंडितों द्वारा विधिवत संपन्न कराई गईं, वहीं अतिथियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर,गिरीश राठौड़, कार्यक्रम संयोजक सुरेश ज्ञानपुरिया, डॉ. विजय यादव, गणेश सैनी, एसीबीईओ इंद्राज गुर्जर, राजेश देवशन, डॉ. हरीश अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप सैनी, दुलीचंद सोलंकी,विजय चौधरी, विजयपुरा सरपंच मोहनलाल,डॉ.बाबूलाल, सुनीता सुरेला,अशोक नैनावत, अशोक रांगेरा, निर्मल सुरेला,शेरसिंह हमीरपुर, नगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि ग्रामीण मौजूद रहे।

