तेज रफ्तार ट्रक ने आलू से भरे ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, एक किसान की मौत, दूसरा घायल

सैफई : स्मार्ट हलचल|इटावा-मैनपुरी मार्ग पर नगला बरी गांव के पास मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब आलू लेकर मंडी जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
घटना बैदपुरा क्षेत्र की है।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शैलेन्द्र कुमार शाक्य ट्रैक्टर चला रहे थे, जबकि जोंगेंद्र सिंह ठाकुर ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। दोनों किसान आलू लेकर मंडी जा रहे थे। नगला बरी के पास सैफई की ओर से पीछे आ रहे ट्रक चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे उसने ट्रैक्टर-ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर काफी दूर तक घिसटती चली गई और पलटकर चारों पहिए ऊपर हो गए। ट्रैक्टर-ट्राली ट्रक के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई थी। हादसे में दोनों किसान गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों को बाहर निकाला और उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जोंगेंद्र सिंह ठाकुर 42 बर्षीय पुत्र पहलाद सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं शैलेन्द्र कुमार शाक्य 28 बर्षीय पुत्र गिरीश चंद्र निवासी ग्राम लछबाई, थाना सैफई का उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ट्रैक्टर-ट्राली में भरे आलू सड़क पर फैल जाने से मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस ने गुरुज्ञानदास आश्रम के पास से यातायात को एक तरफा डायवर्ट कराया और एक साइड का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। क्षतिग्रस्त ट्रक व ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाने की कार्रवाई जारी है, ताकि यातायात जल्द सामान्य कराया जा सके।