529 यूनिट रक्तदान, 529 बच्चों की शिक्षा का संकल्प, शंभू सेना ने रचा सेवा का नया अध्याय

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शंभू सेना के तत्वावधान में समाजसेवी शंभू वैष्णव के जन्मदिवस पर आयोजित जन्मदिवस युवा शक्ति के नाम सेवा अभियान ने मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का नया उदाहरण प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का आयोजन, संचालन और व्यवस्थाएं शंभू सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा संभाली गईं, जिसमें हजारों युवाओं और समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे लव गार्डन स्थित विजयवर्गीय भवन से शंभू सेना द्वारा निकाली गई विशाल वाहन रैली से हुई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सीताराम गोशाला पहुंची, जहां शंभू सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गोसेवा की। इसके बाद मुस्कान फाउंडेशन के भविष्य स्कूल पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। रैली का शहरभर में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में शामिल युवाओं ने सेवा, संगठन और सामाजिक एकता का परिचय दिया। पूरे आयोजन में शंभू सेना के कार्यकर्ताओं ने अनुशासन और सेवा भावना के साथ सभी व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। रैली के पुनः विजयवर्गीय भवन पहुंचने पर शंभू सेना द्वारा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ शहर विधायक अशोक कोठारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में युवाओं और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 529 यूनिट रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सेवा अभियान की सबसे विशेष पहल यह रही कि शंभू सेना ने रक्तदान की प्रत्येक यूनिट को एक जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया। इसके तहत 529 यूनिट रक्तदान के अनुरूप 529 जरूरतमंद बच्चों को एक वर्ष तक कॉपी, किताबें, स्कूल बैग, पेन, पेंसिल सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर शंभू सेना के संस्थापक शंभू वैष्णव ने कहा, ष्रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यदि इसे शिक्षा जैसे सामाजिक अभियान से जोड़ा जाए तो यह किसी बच्चे का भविष्य भी संवार सकता है। हमारा उद्देश्य सेवा को जनआंदोलन बनाना है। कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, महंत हेमराज पोसवाल, महंत मोहननाथ जी महाराज, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर शंभू सेना के इस सेवा अभियान की सराहना की और शंभू वैष्णव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। शंभू सेना के नेतृत्व में सम्पन्न इस विशाल सेवा अभियान ने यह संदेश दिया कि संगठित युवाशक्ति यदि समाजहित में कार्य करे तो रक्तदान, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सेवा जैसे अनेक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने की यह पहल भीलवाड़ा में लंबे समय तक याद रखी जाएगी।