भीषण गर्मी में ‘राहत की ठंडी फुहार’ : राजस्थान पुलिस जवानों को वितरित होंगे 5 लाख ओआरएस पैकेट्स

डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा की संवेदनशील पहल, स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष फोकस

जयपुर, 04 मई।स्मार्ट हलचल|प्रदेश में तपती धूप और लू के तीखे थपेड़ों के बीच राजस्थान पुलिस ने अपने जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक मानवीय और सराहनीय पहल शुरू की है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राज्यभर के कांस्टेबलों को 5 लाख ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्ट) पैकेट्स वितरित किए जाएंगे, जिससे ड्यूटी के दौरान डिहाइड्रेशन और लू के प्रभाव से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इस जनहितकारी अभियान में रोटरी क्लब मुंबई से जुड़े प्रवासी राजस्थानी झुंझुनूं मूल के आशीष पोद्दार का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है, जिनकी संवेदनशीलता से पुलिस जवानों को यह सौगात दी जा रही है।

पूरे अभियान की कमान डीआईजी प्रशिक्षण शरद चौधरी के नेतृत्व में संभाली गई है। उनके मार्गदर्शन में यह राहत सामग्री राज्य के 12 पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों तथा राजस्थान से बाहर संचालित 4 प्रशिक्षण केंद्रों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही रेंज आईजी के माध्यम से हर कांस्टेबल तक इसकी प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

योजना के तहत प्रत्येक जवान को 10-10 ओआरएस पैकेट्स दिए जाएंगे, ताकि भीषण गर्मी में लंबी ड्यूटी के दौरान वे खुद को हाइड्रेट और सुरक्षित रख सकें। विशेष रूप से यातायात, कानून-व्यवस्था, गश्त और सार्वजनिक ड्यूटी में तैनात जवानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

*पहली खेप पहुंची :*

अभियान की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को पहली खेप के रूप में 90 हजार ओआरएस से भरे पैकेट्स का ट्रक राजस्थान पुलिस अकादमी में पहुंचा। इनमें से पैकेट्स को उतारते हुए प्रशिक्षण केन्द्रों तक पहुंचाया जा रहा है। इन पैकेट्स के वितरण की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। मंगलवार को दूसरी खेप में भी 90 हजार पैकेट्स आने की संभावना है, जबकि अगले 5 से 7 दिनों में अतिरिक्त सप्लाई भी प्राप्त होगी।

डीआईजी चौधरी ने बताया कि जब प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, ऐसे में पुलिस मुख्यालय की यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कदम है, बल्कि ड्यूटी पर डटे जवानों के लिए सचमुच “राहत की ठंडी फुहार” बनकर सामने आई है।

—————————————