नामांकन के आखिरी दिन जहाजपुर में चढ़ा चुनावी पारा, कतारों में दिखा सियासी जोश

अलकेश पारीक

सुबह 10 बजे से एसडीएम कार्यालय में उमड़ी दावेदारों की भीड़, बारी का इंतजार करते नजर आए प्रत्याशी और समर्थक

जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|नगर पालिका चुनाव के नामांकन का आज आखिरी दिन है। अंतिम दिन सुबह 10 बजे से ही जहाजपुर के एसडीएम कार्यालय में चुनावी रंग पूरी तरह दिखाई देने लगा। पार्षद पद के दावेदार अपने समर्थकों के साथ नामांकन फॉर्म जमा कराने पहुंचे और कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

सुबह से ही एसडीएम कार्यालय के आसपास प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बढ़ती गई। नामांकन को लेकर उत्साह ऐसा रहा कि कार्यालय परिसर में जगह-जगह चुनावी चर्चाएं और राजनीतिक समीकरणों पर मंथन होता दिखाई दिया। अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने पहुंचे दावेदारों के चेहरे पर जीत का भरोसा तो समर्थकों में अपने प्रत्याशी को जिताने का जोश नजर आया।

आखिरी दिन की कतारों ने बढ़ाई सियासी हलचल

नामांकन की अंतिम तारीख होने के चलते कई प्रत्याशी आज अपनी दावेदारी पेश करने पहुंचे। कोई समर्थकों के साथ तो कोई चुनिंदा लोगों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचा। कतारों में खड़े प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच अपने-अपने वार्ड के चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं होती रहीं।

अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मैदान की तस्वीर और साफ होगी। नामांकन जांच एवं नाम वापसी के बाद तय होगा कि किस वार्ड में कौन-कौन आमने-सामने होगा। फिलहाल नामांकन के आखिरी दिन जहाजपुर में बढ़ी राजनीतिक हलचल ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में नगर पालिका चुनाव का मुकाबला बेहद रोचक होने वाला है।