खखरेरू फतेहपुर\स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में महुआ की पत्तियां जलाने के दौरान भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पास में खड़ी लगभग चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।जानकारी के अनुसार, गांव के एक ग्रामीण ने सुबह महुआ के पेड़ के नीचे गिरी पत्तियों को इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी थी। दोपहर करीब 12:30 बजे तेज हवा के कारण आग फैलकर नजदीक खड़ी गेहूं की फसल तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो सैकड़ों बीघा फसल जलकर नष्ट हो सकती थी।
इस आगजनी में संतोष मौर्य, बदन मौर्य, भैयइन मौर्य और नाती मौर्य की लगभग चार बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जल गई। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने पानी के लिए पावर हाउस उकाथू से संपर्क किया, लेकिन लाइन खराब होने का हवाला देकर विद्युत आपूर्ति नहीं दी गई।
समाचार लिखे जाने तक सूचना के बावजूद लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचा था।
