चिमु धतरवाल
बायतु। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के सेवनियाला गांव में शनिवार को एक गंभीर हादसा सामने आया, जहां बिजली पोल की लाइन टूटकर गिरने से खेत में अचानक आग लग गई। खेत में सूखी घास होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैलने लगी।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी गई, लेकिन मौके पर काफी देर तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा। इस दौरान आग लगातार फैलती रही और आसपास के क्षेत्र को भी अपनी चपेट में लेने लगी।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गांव के लोगों ने खुद ही पानी की टंकियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाया। इस दौरान ग्रामीणों ने मिलकर बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि लगभग एक वर्ष पहले भी इसी स्थान पर बिजली लाइन टूटने की ऐसी ही घटना हुई थी, लेकिन उस समय भी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस बार भी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
ग्रामीणों की मांग:
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों को तुरंत ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
