मेड़ता में इतिहास का स्वर्णिम क्षण आज, A golden moment in history in Merta today

 

राव दूदाजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह,

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी रहेंगे मौजूद।

मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।

मीरा नगरी मेड़ता गुरुवार को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण आयोजन की साक्षी बनेगी। वीरता, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक मेड़ता के संस्थापक राव दूदाजी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का भव्य अनावरण देश के रक्षा मंत्री राजनाथ तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के करकमलों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और शहर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है।

*तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप*

प्रतिमा अनावरण समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रशासन और आयोजकों की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सार्वजनिक नेहरू पार्क में विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है, जहां हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मंच व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पार्किंग तथा पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
वीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटी हुई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय नजर आ रही हैं।

*कार्यकर्ताओं को सौंपी अलग-अलग जिम्मेदारियां*

आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई है। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम मेड़ता की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को नई दिशा देगा।

*मेड़ता के गौरव का प्रतीक हैं राव दूदाजी*

राव दूदाजी को मेड़ता के इतिहास में वीर योद्धा और दूरदर्शी शासक के रूप में याद किया जाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आज भी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं। अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण मेड़ता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जा रहा है।

*यह रहेगा कार्यक्रम का निर्धारित समय*

रक्षा मंत्री राजनाथ सुबह 11 बजे विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11:25 बजे डांगावास हेलीपैड पहुंचकर चारभुजा नाथ मंदिर एवं मीरा मंदिर में दर्शन करेंगे। तत्पश्चात राव दूदागढ़ में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 11:45 बजे सभा स्थल पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे तथा दोपहर 2 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे।