राजस्थान के आदिवासी युवाओं के लिए सुनहरा मौका: दिल्ली में मिलेगी UPSC-2027 की फ्री रेजिडेंशियल कोचिंग

12 लाख तक आय वाले छात्र कर सकेंगे आवेदन, 31 मई अंतिम तिथि; दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-कोटा में परीक्षा केंद्र

✍️ राकेश मीणा

स्मार्ट हलचल|राजस्थान के आदिवासी समाज के युवाओं के लिए प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। अब आर्थिक संसाधनों की कमी प्रतिभाशाली छात्रों की राह में बाधा नहीं बनेगी। अखिल भारतीय जनजाति विकास संघ (पंजीकृत), दिल्ली के तत्वावधान में संचालित अखिल भारतीय जनजाति विकास संघ द्वारा UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2027 की तैयारी के लिए निशुल्क आवासीय कोचिंग हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दिल्ली स्थित आदिवासी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अनुसंधान संस्थान (AECRI) में चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री, पुस्तकालय, अनुभवी मार्गदर्शकों का सहयोग, छात्रावास एवं मेस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि परिवार की वार्षिक आय सीमा 12 लाख रुपए तक निर्धारित की गई है, जिससे अधिक से अधिक मेधावी छात्र लाभान्वित हो सकें।

संस्थान का उद्देश्य केवल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराना नहीं, बल्कि जनजातीय युवाओं को प्रशासनिक नेतृत्व, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। संस्था का मानना है कि राजस्थान के आदिवासी अंचलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मंच और मार्गदर्शन की है।

31 मई तक करें ऑनलाइन आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट ** www.abjvs.org** पर उपलब्ध है।

14 जून को होगी प्रवेश परीक्षा

प्रवेश परीक्षा 14 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा दो चरणों में होगी—

• पेपर-1: जनरल स्टडीज (ऑब्जेक्टिव)
• पेपर-2: निबंध लेखन

इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेकर अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

चार शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्र

अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राजस्थान और दिल्ली में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं—

दिल्ली: AECRI, राणाजी एन्क्लेव, नजफगढ़
जयपुर: आदिवासी मीणा सामुदायिक भवन, सेक्टर-3, इंदिरा गांधी नगर, जगतपुरा
उदयपुर: ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट, अशोक नगर, लेकसिटी मॉल के पास
कोटा: जय मीनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी, रानपुर (IIIT के पास)

आज दिल्ली में होगी अहम बैठक

इसी क्रम में आज 17 मई 2026 को प्रातः 11 बजे दिल्ली स्थित मीणा छात्रावास, राणाजी एन्क्लेव में संघ की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक आयोजित होगी। बैठक में UPSC-2027 कोचिंग के प्रचार-प्रसार, बी-ब्लॉक निर्माण कार्य, फंड मोबिलाइजेशन और वार्षिक कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा होगी।

बैठक की अध्यक्षता पी.आर. मीणा करेंगे, जबकि संचालन महासचिव एच.पी. मीणा करेंगे।

युवाओं से विशेष अपील

संस्थान ने राजस्थान के आदिवासी युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और प्रशासनिक सेवाओं में प्रवेश कर समाज को नई दिशा दें।

संपर्क सूत्र

AECRI, खसरा नं. 555/2, राणाजी एन्क्लेव, नजफगढ़, नई दिल्ली
(नांगली मेट्रो स्टेशन से 500 मीटर)
📞 9971511669, 011-71562590

यह पहल निश्चित रूप से राजस्थान के आदिवासी युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाली साबित होगी।