मोड़ का निंबाहेड़ा (सुरेश चन्द्र मेघवंशी)
स्मार्ट हलचल|करजालिया गांव में मंगलवार को भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। कावड़ यात्रा का शुभारंभ मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से हुआ। यात्रा गांव के रैगर मोहल्ला, मुख्य बाजार, गुर्जर मोहल्ला, चारभुजा मंदिर, पशुपतिनाथ महादेव मंदिर, मेघवंशी मोहल्ला, बाबा रामदेव जी मंदिर तथा ब्राह्मण मोहल्ला स्थित चारभुजा मंदिर से होते हुए समेलिया महादेव मंदिर पहुंची।
समेलिया महादेव मंदिर पहुंचने पर हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल से भोलेनाथ का विशेष अभिषेक किया गया। विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
कावड़ यात्रा में करजालिया सहित आसपास के क्षेत्र से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं शाहपुरा क्षेत्र से आए अखाड़े के पहलवानों ने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
यात्रा के गांव में प्रवेश करने से लेकर समेलिया महादेव मंदिर पहुंचने तक जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
