दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र में कबरें मोड़ के पास शनिवार रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी से लगभग एक किलोमीटर दूर कबरें मोड़ स्थित पुलिया के पास शाम करीब 8 बजे विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार बबलू (35) पुत्र छोटेलाल निवासी मटिहा, फतेहपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार मोनू (25) पुत्र स्वर्गीय दिनेश, राजा बाबू (38) पुत्र छत्रपाल और गुड़िया देवी (35) पत्नी वीरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों धाता थाना क्षेत्र के बेलवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जबकि मृतक बाजार से अपने गांव लौट रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने मोनू और राजा बाबू की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि गुड़िया देवी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।