जिम्मेदारी बड़ी, मानदेय छोटा…गांव-गांव योजनाएं पहुंचाने वाली ‘सखियों’ ने मांगा अपना हक

(पंकज पोरवाल)

राजीविका कैडर महिलाओं ने खोला मांगों का पिटारा, सीएम के नाम सौपा ज्ञापन, काम के अनुरूप मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और प्रशिक्षण की मांग

भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|राजीविका से जुड़ी कैडर कार्यकर्ता महिलाओं की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर शुक्रवार को संगठन ने आवाज बुलंद की। संगठन अध्यक्ष दीपक व्यास एवं संरक्षक अमित जोशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कैडर महिलाओं के कार्य के अनुरूप उचित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि राजीविका के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में विभिन्न कैडर की महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। इसके बावजूद उनके कार्य, जिम्मेदारियों और योगदान के अनुरूप सुविधाएं एवं सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने कैडर महिलाओं के लिए उचित मानदेय के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा, बीमा और पेंशन की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास के अवसर बढ़ाने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर कानूनी एवं प्रशासनिक सहायता मुहैया कराने की मांग भी ज्ञापन में रखी गई। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र कैडर महिलाओं और उनके परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। संगठन प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में कैडर महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान केवल तात्कालिक स्तर पर नहीं, बल्कि संस्थागत रूप से किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान भीलवाड़ा जिले की विभिन्न तहसीलों से यूनियन पदाधिकारी जयश्री टांक, नोसर बैरवा, माया जाट, पदम कंवर, अनु कंवर, सोनू कुमारी मीणा, ललिता रजक, उमा तिवारी, निर्मला दाधीच, सीमा राव, विनोद कंवर, हंसा वर्मा सहित कार्यालय सचिव सत्यनारायण सेन, मदन सिंह टांक एवं बड़ी संख्या में सखी कैडर मौजूद रहीं। प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।