महिला सुरक्षा को लेकर ब्यावर में गूंजा जागरूकता का संदेश, डीजीपी मालिनी अग्रवाल ने बालिकाओं से किया संवाद

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को वर्धमान महाविद्यालय में महिला एवं बालिकाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस (यातायात) मालिनी अग्रवाल ने महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सजग बनने का संदेश दिया।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए गए महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत ब्यावर जिले में भी पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के नेतृत्व में संचालित अभियान की गतिविधियों की जानकारी कार्यक्रम में दी गई।
मालिनी अग्रवाल ने महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन, राजकॉप सिटीजन एप, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, साइबर सेफ्टी, वरिष्ठ जन सम्बल योजना, नवीन न्याय संहिता सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं आत्मनिर्भरता का प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कमल राम मीणा ने महिलाओं की सुरक्षा तथा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीणा ने राजकॉप सिटीजन एप और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में बताया।

इस दौरान महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर, नौकर एवं किरायेदार सत्यापन, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, विशाखा गाइडलाइन, पॉक्सो नियमों तथा महिला अपराधों में सजा के प्रावधानों की जानकारी दी गई। बालिकाओं ने भी सवाल पूछकर महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के बाद आमजन में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मालिनी अग्रवाल ने वर्धमान महाविद्यालय से पुलिस थाना ब्यावर सिटी तक वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ब्यावर सिटी में भी बालिकाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जिले में जागरूकता गतिविधियां आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।