रेलवे स्टेशन सर्किल से महात्मा गांधी अस्पताल तक निकली रैली*
भीलवाड़ा, 4 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा तनावमुक्त जीवन का संदेश देने के उद्देश्य से मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत मनोचिकित्सा विभाग, आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज एवं जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई भीलवाड़ा की ओर से साइकिल क्लब एवं आईएमए के सहयोग से रविवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया।प्रातः रेलवे स्टेशन सर्किल से प्रारंभ हुई साइकिल रैली को डॉ. दुष्यंत शर्मा, डॉ. कुलदीप नाथावत, डॉ. दिनेश बैरवा एवं डॉ. राजेश छापरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रामद्वारा होते हुए महात्मा गांधी अस्पताल स्थित आईएमए हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में करीब 100 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
रैली के समापन अवसर पर जिला नोडल अधिकारी एवं मनोचिकित्सक डॉ. प्रियंक जैन ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए रोजमर्रा की जिंदगी में तनाव से बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही प्राथमिकता देना आवश्यक है। नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच, परिवार एवं मित्रों से संवाद तथा समय पर विशेषज्ञ की सलाह तनाव और मानसिक परेशानियों से बचाव में सहायक हो सकती है।
मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. वीरभान चंचलानी ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार में योगदान देने के लिए साइकिल रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। डॉ. मिनी शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के दौरान आयोजित किए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
साइकिल क्लब के अध्यक्ष अरुण मुच्छल ने नियमित साइकिल चलाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।
इस अवसर पर डॉ. विवेक, डॉ. प्रशांत आगल, डॉ. अंकुर गुप्ता, डॉ. हेमंत, डॉ. किशोर, जैक्सी जैकब सहित साइकिल क्लब के सदस्य, महात्मा गांधी अस्पताल के चिकित्सक एवं कार्मिक तथा सीएमएचओ कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।