खखरेरू /फतेहपुर* स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में प्रेम प्रसंग से आहत एक नाबालिग दलित किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मिली जानकारी के अनुसार शिवपुरी गांव निवासी सुंदरलाल की लगभग 15 वर्षीय पुत्री बुधरानी देवी का गांव के ही एक युवक छोटू के साथ पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार शाम युवक लाइट ठीक करने के बहाने किशोरी के घर पहुंचा था। उस समय किशोरी के माता-पिता खेतों में काम करने गए हुए थे।
आसपास के लोगों को जानकारी होने पर उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर किशोरी के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने तत्काल डायल 112 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर युवक को अपने साथ थाने ले गई।
बताया जाता है कि सोमवार सुबह परिजन खेतों में कटाई करने चले गए। इसी दौरान किशोरी ने घर के कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। कुछ देर बाद घर पहुंचे परिजनों ने किशोरी को फंदे से लटका देखा तो चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक किशोरी अपने ननिहाल नूरपुर सिराथू (जनपद कौशांबी) में रहकर कक्षा 9 की पढ़ाई कर रही थी और होली की छुट्टियों में करीब दस दिन पहले ही अपने गांव आई हुई थी। बताया जा रहा है कि किशोरी युवक से शादी करने की जिद कर रही थी, लेकिन परिजनों के विरोध के चलते उसने यह कदम उठा लिया।
मृतका के पिता ने मामले की तहरीर थाने में देकर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
