शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया

फतेहपुर /स्मार्ट हलचल|खखरेरू थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की माता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार की रात गांव का ही एक युवक उनकी 17 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक ने एक सुनसान स्थान पर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।परिजनों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।