भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले के आसींद थाना क्षेत्र के सेमला का बाड़िया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान 30 वर्षीय महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ललिता, स्वर्गीय हेम सिंह की पत्नी थी। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
*ब्लैकमेलिंग का आरोप*
मृतका के देवर देवीसिंह रावत ने इंद्र सिंह नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से ललिता को फोन पर परेशान कर रहा था। वह कथित तौर पर महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी दबाव में आकर ललिता ने आत्मघाती कदम उठाया।
*इलाज के हारी जिंदगी की जंग*
जहर सेवन के बाद परिजन ललिता को आसींद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया।
*दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़*
मृतका के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब चार और नौ वर्ष है। पिता की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। अब मां के निधन के बाद दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं।
*गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम से इनकार*
परिजनों ने चेतावनी दी है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। उनका आरोप है कि करीब 8–10 महीने पहले मृतका के पति की मौत के मामले में भी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों से समझाइश के प्रयास किए जा रहे हैं।
