जहाजपुर,स्मार्ट हलचल|नगर के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। चावंडिया चौराहा से नौ चौक तक लगभग एक किलोमीटर लंबे हाई लेवल एलिवेटेड रोड तथा राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित कक्षा-कक्ष व डोम निर्माण कार्यों का शिलान्यास 28 अप्रैल 2026 को किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक गोपीचंद मीणा संत-महात्माओं एवं आमजन की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
नगर में लंबे समय से एलिवेटेड रोड की मांग की जा रही थी। चावंडिया चौराहा से नौ चौक तक बनने वाला यह मार्ग यातायात को सुगम बनाएगा और भारी वाहनों की आवाजाही भी आसानी से हो सकेगी। खासकर नौ चौक क्षेत्र के व्यापारियों को इससे बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
इसके साथ ही राजकीय महाराणा उच्च माध्यमिक विद्यालय में नए कक्षा-कक्ष एवं डोम निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण भी मजबूत होगा।
इस अवसर को लेकर नगरवासियों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा नगर अध्यक्ष महेंद्र खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिलान्यास कार्यक्रम क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
