यंगथॉन 3.0 में हाड़ौती के 4500 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, 10 किमी टाइम्ड रन और 5 किमी फन रन-वॉक होगी
सेहत की दौड़, शिक्षा का सरोकार
यंगथॉन 3.0 में 4500 से अधिक प्रतिभागी दौड़ेंगे, आज एक्सपो का आयोजन
कोटा।स्मार्ट हलचल|फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यंगथॉन 3.0 का आयोजन 25 अक्टूबर को किया जाएगा। ‘रन फॉर एजुकेशन’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में हाड़ौती संभाग से 4500 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। यंग इंडियंस कोटा चैप्टर और रियल टेंपल्स ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यह दौड़ स्वास्थ्य के प्रति सजगता के साथ शिक्षा के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश देगी। दौड़ से जुटने वाले सहयोग के माध्यम से चयनित राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए स्कूल बेंच की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी।
यंग इंडियंस कोटा चैप्टर के चेयर अंकित राठी और को-चेयर अंकित गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। दौड़ से पहले 24 अक्टूबर को श्री उम्मेद क्लब, नयापुरा में एक्सपो आयोजित होगा।
श्री उम्मीद क्लब के सचिव लोकेंद्र राजावत ने बताया कि
इसमें प्रतिभागियों को टी-शर्ट, बिब और किट बैग वितरित किए जाएंगे। एक्सपो में कुछ प्रतिभागियों के लिए मौके पर पंजीकरण की सुविधा भी रहेगी। साथ ही यंगथॉन से जुड़ी गतिविधियों और आयोजन की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विश्व कलाकार दिवस के अवसर पर लाइव डीजे, बैंड, ओपन माइक और जैमिंग सेशन जैसी गतिविधियां भी होंगी।
*दो श्रेणियों में होगी दौड़*
यंगथॉन में 10 किलोमीटर की टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर की फन रन/वॉक आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को सुबह 5:30 बजे श्री उम्मेद क्लब में एकत्रित होना होगा। जुम्बा गतिविधि के बाद 10 किलोमीटर की दौड़ सुबह 6.15 बजे शुरू होगी, जबकि 5 किलोमीटर की फन रन/वॉक सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। 10 किलोमीटर की दौड़ में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए पांच आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
*यह रहेगा दौड़ का मार्ग*
दौड़ श्री उम्मेद क्लब, नयापुरा से शुरू होकर अग्रसेन चौराहा, लक्की बुर्ज, गीता भवन और ज्वाला तोप चौराहा होते हुए सेवन वंडर्स पार्क के सामने से किशोरपुरा तालाब तक पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से वापस श्री उम्मेद क्लब लौटेंगे। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दो एम्बुलेंस तथा फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था की गई है।
*तीन घंटे प्रभावित रहेगा यातायात*
यंगथॉन के चलते 25 अक्टूबर को सुबह 6 से 9 बजे तक निर्धारित मार्ग पर बैरिकेडिंग रहेगी। इस दौरान कोटड़ी सर्किल से जेडीबी कॉलेज, अग्रसेन चौराहा और जयपुर गोल्डन अस्पताल रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को यातायात संबंधी बदलावों का सामना करना पड़ सकता है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस अवधि में निर्धारित मार्ग की स्थिति का ध्यान रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।