युवा संसद में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, खुशी खत्री ने हासिल किया पहला स्थान

आरुषि सोनी द्वितीय और उज्ज्वल सरावगी तृतीय रहे, नशामुक्ति से लेकर हरित विकास तक युवाओं ने रखे विचार

अनिल कुमार खींची

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मंच देते हुए एस.डी. राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर में विकसित भारत युवा संसद 2027 एवं विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। युवा संसद में खुशी खत्री ने प्रथम, आरुषि सोनी ने द्वितीय तथा उज्ज्वल सरावगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (माय भारत), ब्यावर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रेखा मंडोवरा, जिला युवा अधिकारी जयेश मीना एवं एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. एम.आर. देवड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

यंग लीडर्स डायलॉग के पीपीटी राउंड में प्रतिभागियों ने विनिर्माण, उद्यमिता एवं हरित विकास विषय पर अपने नवाचारपूर्ण विचार और भविष्य की योजनाएं प्रस्तुत कीं। निर्णायक मंडल में डॉ. सुलक्ष्मी तोषनीवाल, अधीक्षण अभियंता कबीर अख्तर, पृथ्वी सिंह एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक तोषनीवाल शामिल रहे। पृथ्वी सिंह ने युवाओं को वोकल फॉर लोकल की भावना के साथ स्थानीय संसाधनों एवं उत्पादों को प्रोत्साहित कर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

द्वितीय सत्र में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ विषय पर युवा संसद आयोजित हुई। इसमें युवाओं ने नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त समाज के निर्माण और राष्ट्र विकास में युवा शक्ति की भूमिका पर अपने विचार रखे। निर्णायक मंडल में मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी मसूदा डॉ. अमित वैष्णव, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण बड़ोला, प्रोफेसर गुमान सिंह गहलोत एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. दीपाली लाल शामिल रहे।

डॉ. संजय गहलोत ने कहा कि युवा जागरूकता रैलियों, विद्यालयों-महाविद्यालयों में कार्यक्रमों तथा सामाजिक समूहों के माध्यम से नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिला युवा अधिकारी जयेश मीना ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कला जैन, डॉ. निशा बंसल एवं धर्मवीर बुगालिया ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के संकाय सदस्य, निर्णायक मंडल के सदस्य एवं युवा मौजूद रहे।