भीलवाड़ा, 16 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग की अटल टिंकरिंग लैब में शुक्रवार को ‘प्रोजेक्ट डिजाइनिंग एवं थिंकिंग स्किल्स’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी कौशल के माध्यम से व्यावहारिक समस्याओं के समाधान तलाशने के तरीके सिखाए गए।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता जयपुर से आईं पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को किसी विचार को प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने और उसका प्रोटोटाइप तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने आउट ऑफ द बॉक्स सोचने, समस्याओं का वैज्ञानिक विश्लेषण करने तथा नवाचार आधारित प्रोजेक्ट तैयार करने के गुर बताए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
विशेष अतिथि प्रसिद्ध वैज्ञानिक करण सिंह सिंघवी ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े सवालों के जवाब सरल उदाहरणों के माध्यम से दिए। वहीं, अटल टिंकरिंग लैब के विशेषज्ञ उमेश चंद्र कुलश्रेष्ठ ऑनलाइन माध्यम से कार्यशाला से जुड़े और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने और उपयोगी प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अटल टिंकरिंग लैब विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने का बेहतर मंच है। ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देती हैं।
इस अवसर पर अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी डॉ. अर्चना जोशी, मीडिया प्रभारी व्याख्याता सत्येंद्र माली, रसायन विज्ञान व्याख्याता मुकेश माली, विक्रम चौधरी, संजय धाकड़, ममता शर्मा सहित विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।