तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 112 पीआरबी को मारी टक्कर, चालक फरार

टक्कर के बाद पेड़ से भिड़ी ट्रैक्टर-ट्राली, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी

खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के कनपुरवा मोड़ पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर आगे चल रही डायल 112 की पीआरबी में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खंती में खड़े पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में पीआरबी में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन लक्ष्मीबाई नगर स्थित कनपुरवा मोड़ के पास दोपहर करीब दो बजे खखरेरू की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्राली मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर ने आगे चल रही डायल 112 की पीआरबी को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे खंती में खड़े पेड़ से टकरा गई। गनीमत रही कि हादसे में पुलिसकर्मियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीआरबी में पीछे से स्क्रैच लगा हुआ है ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है।अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।