सावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध बजरी से भरा ट्रेलर जब्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@राज्य सरकार के निर्देशानुसार अवैध बजरी खनन, परिवहन व भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सावर ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर को बजरी सहित जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देवली रोड, सावर पर नाकाबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से बजरी भरकर परिवहन कर रहे एक ट्रेलर (आरजे 37 जीबी 2650) को डिटेन कर जब्त किया गया।
पुलिस द्वारा जब्त वाहन को थाने में खड़ा करवाया गया है तथा मामले की सूचना खनिज विभाग को भेज दी गई है, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी राधेश्याम चौधरी,सरदार सिंह,छोटूराम,रमेशचंद,विनोद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।