15 नवंबर को ज्वालामुखीय माताजी को चढ़ेगा विशेष चोला, फूलों से होगा मनमोहक श्रृंगार; महाभोग और महाआरती में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।हेमंत ऋतु के आगमन के साथ ही शहर के प्रसिद्ध श्री ज्वालामुखीय माताजी की डूंगरी पर रविवार, 15 नवंबर को आस्था और भक्ति का विशेष संगम देखने को मिलेगा। मंदिर न्यास की ओर से इस अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।महोत्सव के तहत सुबह माता रानी को विधि-विधान से विशेष चोला चढ़ाया जाएगा। इसके पश्चात विभिन्न पुष्पों से माताजी का आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के दौरान हेमंत ऋतु की नई सब्जियों, विभिन्न प्रकार के पकवानों, मिष्ठान एवं कदंब भोग से अन्नकूट तैयार किया जाएगा। दोपहर में पहाड़ी पर विराजमान श्री ज्वालामुखीय माताजी, श्री बटुक भैरव एवं श्री राजराजेश्वर महादेव को अन्नकूट का भव्य महाभोग अर्पित किया जाएगा।
महाभोग के पश्चात भव्य आरती होगी तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर न्यास के अध्यक्ष मधुसूदन दाधीच ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर माता रानी के दर्शन, महाआरती एवं प्रसाद का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।