नीरज मीणा
मंडावर। स्मार्ट हलचल /बदलती जीवनशैली और बढ़ते प्रदूषण के बीच मंडावर पुलिस ने समाज को सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को अनूठी पहल करते हुए “संडे साइकिल अभियान” का आयोजन किया। मंडावर थाना अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
साइकिल रैली मंडावर थाना परिसर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सचेत करना रहा।
थाना अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और अस्वस्थ जीवनशैली के कारण कई बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। ऐसे में साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के लिए वाहन की बजाय साइकिल का उपयोग करने से ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण भी कम होगा।
अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन ने आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को हेलमेट पहनने, नशे में वाहन नहीं चलाने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की गई। पुलिसकर्मियों ने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
इस मौके पर थाना स्टाफ के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और नागरिक मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मंडावर पुलिस की इस सराहनीय पहल को क्षेत्रवासियों ने समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
