खखरेरू /फतेहपुर|स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर घर में अकेली युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी युवक फरार हो गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़िता के पिता ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 15 मार्च को वह अपनी पत्नी के साथ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर उनकी 20 वर्षीय पुत्री अकेली थी। आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे गांव का ही निवासी सुधीर कुमार पांडेय, पुत्र आदित्य नारायण पांडेय, उनके घर में घुस आया।
बताया गया कि आरोपी ने युवती को घर में अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
शाम को जब माता-पिता घर लौटे तो युवती ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे और मामले की तहरीर दी।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
