दूध के ड्रमों में छिपाकर की जा रही डोडा पोस्त की तस्करी, आनंदपुर कालू पुलिस ने 36.440 किग्रा मादक पदार्थ के साथ बाइक जब्त की
अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल/ब्यावर (आनंदपुर कालू)जिला पुलिस अधीक्षक (IPS) रतन सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आनंदपुर कालू थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 36.440 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी (वृत्त जैतारण) रामेंद्र सिंह हाड़ा के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी गणपतराम (उपनिरीक्षक) मय टीम द्वारा यह प्रभावी कार्रवाई की गई।
झाड़ियों में लावारिस हालत में मिली मोटरसाइकिल
मिली जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त को थानाधिकारी आनंदपुर कालू को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि रास से लाम्बिया जाने वाले रास्ते के पास बबूल की झाड़ियों में एक लावारिस एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल खड़ी है। बाइक पर 5 प्लास्टिक के दूध वाले ड्रम बंधे हैं, जिनमें अवैध मादक पदार्थ भरा होने की आशंका है।
सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। झाड़ियों में खड़ी बाइक पर बंधे ड्रमों को खोलकर जांच की गई, तो चार प्लास्टिक ड्रमों में भारी मात्रा में डोडा पोस्त भरा मिला। तौल कराने पर इसका कुल वजन 36.440 किलोग्राम पाया गया।
अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार, मामला दर्ज
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आसपास की झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अज्ञात आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने डोडा पोस्त व वाहन को जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 8/15 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी गणपतराम (उपनिरीक्षक), कांस्टेबल शैतानराम (502), प्रकाश (477), पप्पूराम (451), राकेश (322), महेंद्र (423) तथा पुलिस थाना रास के कांस्टेबल करतार सिंह (401), सुशील (519) एवं संजय (513) की विशेष भूमिका रही।
