तीन साल से फरार स्मैक सप्लाई करने वाला वांछित आरोपी नेपाल बंजारा गिरफ्तार

फूलियाकलां पुलिस की कार्रवाई, 20 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में था वांछित
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलियाकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन साल से फरार चल रहे स्मैक सप्लाई के वांछित आरोपी नेपाल बंजारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और गुजरात के अहमदाबाद में प्लास्टिक की कुर्सियां बेचने का काम कर रहा था।पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देश पर जिले के थानाधिकारियों की क्राइम मीटिंग लेकर एक वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों के निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायल एवं पुलिस उप अधीक्षक शाहपुरा नानालाल सालवी के निकट सुपरविजन में फूलियाकलां थानाधिकारी दिनेश कुमार पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
2023 में पकड़ी गई थी 20 ग्राम स्मैक
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर 2023 को फूलियाकलां थाना पुलिस ने राज्यवास चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान एक मारुति कार को रुकवाकर तलाशी ली थी। कार चालक ताराचंद गुर्जर निवासी कनेछनकलां के कब्जे से 20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई थी। मामले में पुलिस ने ताराचंद गुर्जर तथा वाहन मालिक दीपू बैरवा निवासी कनेछनकलां को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान सामने आया कि उक्त स्मैक की सप्लाई में नेपाल बंजारा भी शामिल था। घटना की जानकारी मिलने के बाद नेपाल बंजारा अपने निवास स्थान से फरार हो गया और अहमदाबाद, गुजरात चला गया। वहां वह अपनी पहचान छिपाकर प्लास्टिक की कुर्सियां बेचने का काम करने लगा।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश में लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आखिरकार 7 सितंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी नेपाल बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
नेपाल बंजारा, पिता जगदीश बंजारा, उम्र 22 वर्ष, निवासी जीवा नायक का खेड़ा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़।
पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी दिनेश कुमार पूनिया, भागचन्द सर्जन, मनीष कुमार कांनि, सुरेश कुमार कांनि एवं सतवीर कांनि शामिल रहे।