नरेश कुरेडा
उपखंड मुख्यालय को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर झाड़ियां बनीं मुसीबत, हादसे का मंडरा रहा खतरा
पीपलू। स्मार्ट हलचल|ढूंढिया से कुरेड़ा गांव को जोड़ने वाली सड़क पर इन दिनों सड़क किनारे उगी बबूल की झाड़ियां ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई हैं। सड़क के दोनों ओर बबूल की टहनियां फैलकर रास्ते की ओर आ गई हैं, जिसके चलते सड़क कई जगह संकरी हो गई है। यह मार्ग केवल दो गांवों को जोड़ने वाली सड़क नहीं, बल्कि आसपास की कई पंचायतों के ग्रामीणों को पीपलू उपखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है।
इस रास्ते से रोजाना ग्रामीणों के साथ किसान, विद्यार्थी, कर्मचारी और दुपहिया वाहन चालक पीपलू की ओर आवागमन करते हैं। सड़क पर बबूल की झाड़ियां फैलने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर जब सामने से कोई बड़ा वाहन आता है तो दोनों वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क के किनारे जाने में भी डर बना रहता है।
बबूल की टहनियां राहगीरों से टकरा रहीं
सड़क किनारे फैली बबूल की टहनियां दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। कई जगह झाड़ियां इतनी फैल चुकी हैं कि सड़क से गुजरते समय टहनियां वाहन चालकों और राहगीरों से टकराती हैं। इससे चोट लगने का खतरा बना हुआ है।
रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। अंधेरे में सड़क किनारे फैली झाड़ियों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुपहिया वाहन चालक अचानक टहनियों की चपेट में आ सकते हैं। वहीं सामने से आने वाले वाहन को रास्ता देने के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
कई पंचायतों के ग्रामीणों का प्रमुख रास्ता
ग्रामीणों के अनुसार ढूंढिया-कुरेड़ा मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने के साथ ही पीपलू उपखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों, तहसील, पंचायत समिति, अस्पताल, बाजार सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी क्षेत्र से आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में सड़क पर बबूल की झाड़ियों का फैलाव सीधे तौर पर ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है।
समय रहते नहीं हुई कटाई तो बढ़ेगा हादसों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे उगी बबूल की झाड़ियों की समय-समय पर कटाई और सफाई होना जरूरी है। यदि अभी इन झाड़ियों की कटाई नहीं करवाई गई तो बारिश के बाद इनके और फैलने की आशंका है, जिससे सड़क और अधिक संकरी हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि ढूंढिया से कुरेड़ा तक सड़क का मौका निरीक्षण करवाकर दोनों तरफ उगी बबूल की झाड़ियों की तत्काल कटाई करवाई जाए। साथ ही सड़क की नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि पीपलू उपखंड मुख्यालय से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग पर ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की सफाई को महज झाड़ियों की कटाई का काम नहीं समझा जाना चाहिए, बल्कि यह लोगों की सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ा गंभीर मामला है। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।