बजरंग आचार्य
सादुलपुर।स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर गोठ्या बड़ी रोही क्षेत्र में रविवार देर शाम हुई एक सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
इन्दासर निवासी 52 वर्षीय सुभाष 30 नवंबर 2025 को मजदूरी करके पैदल अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 7:00 बजे जब वे नीलकंठ होटल के पास पहुंचे, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुभाष सड़क किनारे मृत अवस्था में पाए गए।
घटना की सूचना मिलने पर, मृतक के चचेरे भाई दलवीर (47) अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। दलवीर ने सोमवार, 1 दिसंबर 2025 को राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से ही सुभाष की मृत्यु हुई है, और उन्होंने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राजगढ़ थानाधिकारी ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर, अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281 (तेजी या लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 106(1)बी (दुर्घटना के बाद सूचना दिए बिना भाग जाना) के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। मामले का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) श्यामलाल को सौंपा गया है।


