प्रेमी संग फरार होने का आरोप, 15 लाख नगद व जेवरात ले जाने की शिकायत

खखरेरू /फतेहपुर.स्मार्ट हलचल|थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहित महिला के प्रेमी के साथ घर से नगदी और जेवरात लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। महिला के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित के अनुसार उसकी बड़ी बहन के पति पिछले ढाई वर्ष से सऊदी अरब में रहकर नौकरी कर रहे हैं। आरोप है कि गांव निवासी अजमल पुत्र तशौव्वर उर्फ बब्बन ने महिला को प्रेम जाल में फंसा लिया और एक अप्रैल को अपने भाइयों की मदद से उसे साथ लेकर फरार हो गया।

शिकायत में बताया गया कि महिला घर में रखा करीब 15 लाख रुपये नगद, सात तोला सोना और आधा किलो चांदी भी साथ ले गई है। महिला के तीन छोटे बच्चे—जैर अहमद (8), जैन अहमद (6) और सेबी बनो (4)—मां के अचानक चले जाने से बेसहारा हो गए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।