गृहस्वामी दिल्ली में, पत्नी बच्चों के साथ मायके में थी; पुलिस बोली-प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा, जांच जारी
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में 26 सितंबर की रात घर की कुंडी काटकर बाइक, साइकिल समेत अन्य सामान चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। गृहस्वामी की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, थाना प्रभारी ने प्रथम दृष्टया प्रकरण को प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया है।
तेंदुआ गांव निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह पुत्र झल्लू सिंह के अनुसार, घटना के समय उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई थीं, जबकि वह रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली में रह रहे थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे अज्ञात लोगों ने घर के बाहरी दरवाजे की कुंडी काटी। इसके बाद अंदर के दरवाजे की कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया और घर में खड़ी मोटरसाइकिल, साइकिल समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर सुरेंद्र गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच हुई घटना से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने बदमाशों के मोटरसाइकिल ले जाने का वीडियो बनाए जाने की बात भी कही है, हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।