शाहपुरा संवाद न्यूज पोर्टल का हुआ लोकार्पण
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य जगद्गुरु स्वामी रामदयालजी महाराज की शनिवार को शाहपुरा रामद्वारा धाम से रामत कार्यक्रम विधिवत सम्पन्न हुआ। धर्मसभा के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी द्वारा स्थापित डिजिटल समाचार मंच शाहपुरा संवाद डॉट इन का विधिवत लोकार्पण भी आचार्यश्री स्वामी रामदयालजी महाराज के करकमलों से रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर आयोजित विशाल धर्मसभा में आचार्यश्री ने उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि महाप्रभु रामचरणजी महाराज की श्मशान भूमि पर की गई कठोर तपस्या का ही परिणाम है कि आज रामस्नेही संप्रदाय का संदेश केवल देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालु आज भी महाप्रभु रामचरणजी महाराज के आदर्शों का स्मरण कर उनके बताए मार्ग का अनुसरण कर रहे हैं।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यश्री ने बताया कि फूलडोल मेले की पंचमी पर भीलवाड़ा में चातुर्मास की घोषणा की गई थी। रामत के अवसर पर भीलवाड़ा चातुर्मास समिति के सदस्य भंवरलाल अजमेरा, अशोक कुमार अजमेरा, मुकेश गगरानी, मुरली एवं श्याम इनाणी सहित स्वरूप महिला मंडल, राम साधना महिला मंडल तथा विश्व शांति कल्याण चातुर्मास समिति के सदस्यों ने आचार्यश्री की आरती उतारी। इसके पश्चात संतों को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया गया तथा सभी श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
शाहपुरा संवाद डॉट इन का हुआ लोकार्पण
धर्मसभा के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मूलचंद पेसवानी द्वारा स्थापित डिजिटल समाचार मंच शाहपुरा संवाद डॉट इन का विधिवत लोकार्पण भी आचार्यश्री स्वामी रामदयालजी महाराज के करकमलों से रामनिवास धाम की ऐतिहासिक बारादरी में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर आचार्यश्री ने संपादक मूलचंद पेसवानी को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पत्रकारिता को स्वतंत्र, निष्पक्ष और समाज की सहभागिता को केंद्र में रखते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। धर्म, सत्य और नैतिक मूल्यों के आधार पर की गई पत्रकारिता ही अपने वास्तविक दायित्व का निर्वहन कर सकती है।
उन्होंने कहा कि राम और राष्ट्र की सेवा सर्वोपरि है। यदि पत्रकार समाज और राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानकर कार्य करें तो मीडिया सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है।
आचार्यश्री ने शाहपुरा संवाद डॉट इन के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रामनिवास धाम की मुख्य पीठ से इस डिजिटल समाचार मंच का प्रारंभ होना समस्त शाहपुरावासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच सत्य, सकारात्मकता और जनहितकारी पत्रकारिता की नई पहचान बनेगा तथा समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी शाहपुरा संवाद डॉट इन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे शाहपुरा की डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के चांदमल मुंदड़ा, रामप्रकाश काबरा, गणेश सुगंधी, भेरूलाल पक्षकार, सूर्यप्रकाश आर्य, संचिना अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, गीतकार सत्येंद्र मंडेला, राजकुमार बैरवा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
