देशभर के 12 लाख युवाओं में से चुनी गई प्रतिभा
जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने दुर्गेश को खेल सामग्री किट भेंट कर बढ़ाया हौसला
गंगापुर सिटी
स्मार्ट हलचल।युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत केंद्र’ के तत्वावधान में गंगापुर सिटी की नरसिंह कॉलोनी निवासी दुर्गेश शर्मा ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परचम लहराते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक ओर जहाँ उनका चयन राज्य स्तरीय ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ के फाइनल राउंड के लिए हुआ है, वहीं दूसरी ओर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र द्वारा उन्हें खेल सामग्री किट देकर सम्मानित किया गया है ।
*12 लाख प्रतिभागियों में से बनाई फाइनल में जगह*
माय भारत केंद्र द्वारा आयोजित ‘बजट क्वेस्ट 2026’ प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 12 लाख प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इन लाखों युवाओं के बीच अपनी उत्कृष्ट सोच और ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए दुर्गेश शर्मा ने फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की की है।
जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में हुआ था आयोजन ,
यह कार्यक्रम 13 अप्रैल 2026 को जयपुर के प्रतिष्ठित ‘राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर’ में आयोजित किया गया , इस दौरान दुर्गेश शर्मा को प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में दुर्गेश “मानव पूंजी में निवेश: शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार” जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करें , उनका यह प्रस्तुतीकरण मुख्य रूप से कौशल आधारित शिक्षा, रोजगार सृजन और युवाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित था
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कई दिग्गज शामिल हुए थे जिसमे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा और माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ किसनराव बागड़े , इनके अलावा, उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी व श्री प्रेम चंद बैरवा, युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और शिक्षा एवं कौशल मंत्री श्री मदन दिलावर भी इस गरिमामयी समारोह में उपस्थित रहें ,
*जिला युवा अधिकारी ने खेल किट देकर किया सम्मानित*
दुर्गेश शर्मा की इस अकादमिक सफलता के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए ‘माय भारत केंद्र’ के जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। खंडेलवाल ने दुर्गेश को खेल सामग्री किट प्रदान करते हुए कहा कि ‘माय भारत केंद्र’ का उद्देश्य युवाओं को न केवल बौद्धिक रूप से बल्कि शारीरिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी सशक्त बनाना है। उन्होंने दुर्गेश को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
*नरसिंह कॉलोनी में जश्न का माहौल*
बजट क्वेस्ट के फाइनल में चयन और जिला स्तर पर हुए इस सम्मान से दुर्गेश शर्मा के निवास स्थान नरसिंह कॉलोनी सहित पूरे गंगापुर सिटी में खुशी की लहर है। दुर्गेश ने अपनी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला युवा अधिकारी व ‘माय भारत केंद्र’ का हृदय से आभार जताया है। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों, खेल प्रेमियों और परिजनों ने दुर्गेश को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे आगे भी अपने उत्कृष्ट विचारों से क्षेत्र का मान बढ़ाएंगे।
