(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल।नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अवैध मांस की दुकानों के विरुद्ध शनिवार को व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही गत दिनों आयोजित जनसुनवाई के दौरान विधायक लादूलाल पितलिया की उपस्थिति में नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं प्राप्त परिवादों पर संज्ञान लेते हुए की गई।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार उपखण्ड
अधिकारी विवेक गुर्जर, तहसीलदार विजेन्द्र सिंह, थानाधिकारी लीलाधर मालवीय,
अधिशासी अधिकारी कुमार मंगल सहित नगरपालिका गंगापुर की संयुक्त टीम द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि पूर्व में नोटिस जारी किए जाने, नियमानुसार 72 घंटे पूर्व सूचना पत्र प्रदान करने एवं बार-बार समझाइश दिए जाने के बावजूद भी कई मीट विक्रेताओं द्वारा बिना वैध अनुमति एवं नगरपालिका नियमों के विपरीत मांस विक्रय का कार्य निरंतर किया जा रहा था। इस पर प्रशासन द्वारा मौके पर ही संबंधित अवैध मांस विक्रेताओ के विरुद्ध सीजिंग की कार्यवाही अमल में लाई गई। कार्यवाही के दौरान बिना स्वीकृति संचालित अवैध मांस विक्रेताओ कीे दुकानों तथा नगरपालिका अधिनियम एवं प्रचलित नियमों की अवहेलना करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कदम उठाए गए। कुछ
मांस की दुकाने जो निजी भवनों में संचालित की जा रही थीं, उन्हें नियमानुसार सीज किया गया। वहीं कुछ केबिननुमा दुकानें, जो नगरपालिका भूमि पर अतिक्रमण कर संचालित की जा रही थीं, उन्हें नगरपालिका प्रशासन द्वारा जेसीबी एवं बुलडोजर की सहायता से हटाते हुए ध्वस्त किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध व्यवसायिक गतिविधि, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति संचालित प्रतिष्ठानों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर की सुव्यवस्थित व्यवस्था, स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेंगे। कार्यवाही के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जाप्ता एवं नगरपालिका कार्मिकों की उपस्थिति में संपूर्ण प्रक्रिया को विधिसम्मत रूप से संपादित किया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही से अवैध गतिविधियों में संलग्न लोगों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं आमजन ने नगर हित में उठाए गए इस कदम का स्वागत करते हुए प्रशासन की कार्यवाही की सराहना की।
