खेरली में मिठाई-किराना दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग टीम की कार्रवाई

100 किलो अवधि पार खाद्य सामग्री नष्ट व बादाम के 56 पैकेट किये जब्त,

साफ-सफाई में कमी पर थमाए नोटिस,

खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल के नेतृत्व में टीम नै की कार्यवाही,

दिनेश लेखी

खेरली। स्मार्ट हलचल|कस्बे में दीपावली पर मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने खेरली में मिठाईयों और किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान बादाम के 56 पैकेट जब्त किए गए, जबकि करीब 100 किलो अवधि पार खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। साफ-सफाई में कमी मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों को सुधार के नोटिस जारी किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव गोयल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।केशव गोयल ने बताया की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्टेशन रोड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद, जवाहर चौक स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी, हिंडौन रोड स्थित श्याम मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन और देव एंटरप्राइजेज से पतिसा का नमूना लिया। दिलीप मिष्ठान भंडार से मावा व बेसन के लड्डू तथा विद्या फास्ट फूड से भी खाद्य पदार्थ का नमूना जांच के लिए लिया गया।वहीं जवाहर चौक स्थित बाबूलाल जिनेंद्र कुमार की किराना दुकान से बादाम और काजू के नमूने लिए गए तथा मिलावट की आशंका पर बादाम के 500 ग्राम वजन वाले 56 पैकेट जब्त किए गए। उधर दुकान में रखी करीब 100 किलो अवधि पार खाद्य सामग्री भी नष्ट कराई गई।निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों और इकाई संचालकों को सुधार के नोटिस दिए गए। विभाग के अनुसार सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।