ब्यावर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मध्यरात्रि में बड़ी कार्रवाई: 1 बस जब्त, 5 के चालान; ₹3.45 लाख का जुर्माना
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (जयपुर) के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 6 अगस्त की मध्यरात्रि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की सचिव सोनल पारीख के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लक्जरी एवं स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण किया। इस संयुक्त टीम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, उप पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान कुल 7 लक्जरी और स्लीपर बसों में परमिट, फिटनेस, आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit), अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार किट और एआईएस-119 सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
जांच में क्षमता से अधिक अतिरिक्त सीटें, अनधिकृत मॉडिफिकेशन और आपातकालीन निकास में गंभीर कमियां पाई गईं। नियमों की अनदेखी पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 बस को जब्त किया तथा 5 बसों के चालान काटकर कुल ₹3,45,000/- का जुर्माना वसूला।
यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं: सोनल पारीख
DLSA सचिव सोनल पारीख ने कहा कि यात्रियों की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विशेष जांच अभियान अगले एक महीने तक लगातार जारी रहेगा। सचिव ने बस संचालकों से वाहनों का संचालन कानूनी एवं नैतिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा मानकों के अनुसार करने की अपील की।
