तमिलनाडु में एक्टर थलपति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ गया है. कांग्रेस के बाद अब विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को 3 छोटी पार्टियों का साथ मिल गया. विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सवादी (CPIM) भी समर्थन देने को राजी हो गई है. इन तीनों ने 2-2 सीटें जीती हैं. इसके बाद विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करके सरकार बनाने का दावा पेश किया. राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की मंजूरी दे दी है. अब शनिवार सुबह 11 बजे एक्टर विजय तमिलनाडु के CM पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं.
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने थलपति विजय को सरकार बनाने के लिए जरूरी सभी 118 विधायकों के साइन वाली चिट्ठी लाने को कहा था. इससे पहले 6 और 7 मई को भी वे राज्यपाल से मिले थे. जरूरी नंबर नहीं होने की वजह से राज्यपाल ने दोनों बार विजय को लौटा दिया था.
विजय ने कैसे बदला नंबर गेम?
तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 118 है. थलपति विजय की TVK ने 108 सीटें जीती हैं. विजय ने दो सीटों पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली सीट से चुनाव लड़ा. दोनों सीट से जीत मिली है. नियम के हिसाब से उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी. यानी TVK की 107 सीटें मानी जाएंगी. बहुमत के लिए 11 विधायक और चाहिए. कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन दे चुके हैं. यानी आंकड़ा 112 हुआ. CPI, CPI (M) और VCK ने 2-2 सीटें जीती हैं. इनके नंबर जोड़ दें, तो TVK बहुमत के आंकड़े 118 को पार कर जाती है.
VCK, CPI और CPI(M) को मंत्री पद दे सकती है TVK
इस बीच सूत्रों ने दावा किया है कि सरकार बनाने में समर्थन देने के बदले TVK कैबिनेट में VCK को एक और CPI, CPI(M) को 2-2 मंत्री पद दे सकती है. CPI(M) ने TVK को बिना शर्त समर्थन दिया है. वहीं, कैबिनेट में कांग्रेस को भी एक बड़ा विभाग मिल सकता है.
