एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा: 27 ठिकानों पर छापे, 132 सिलेंडर जब्त

 

अवैध रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, ऑटो एलपीजी पम्प सील

भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|जिले में एलपीजी की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। अब तक 27 स्थानों पर छापेमारी कर 132 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
जिला रसद अधिकारी के अनुसार, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत सभी मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही 6A के तहत 27 प्रकरण तैयार कर जिला कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। एक मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई के दौरान भदालीखेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक ऑटो एलपीजी पम्प को भी सील किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध गैस रिफिलिंग जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।